ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: नाबालिग को शादी का झांसा देकर भगाने वाला आरोपी गिरफ्तार, सकुशल बरामद हुई किशोरी

चंदौली। सकलडीहा थाना पुलिस ने पॉक्सो एक्ट से जुड़े एक मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए नाबालिग किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया है। साथ ही शादी का झांसा देकर उसे बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोपित युवक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

 

पुलिस के अनुसार, 11 जुलाई को थाना सकलडीहा क्षेत्र के ग्राम महेशुआ (नई बाजार) निवासी एक नाबालिग लड़की को गांव के ही रहने वाले गोविन्द राय पुत्र दुलारे राय कथित रूप से शादी का झांसा देकर अपने साथ भगा ले गया था। घटना के बाद परिजनों की तहरीर पर सकलडीहा थाने में मुकदमा संख्या 148/2026 दर्ज किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2), 87 एवं 64(2) तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 5एल/6 के तहत अभियोग पंजीकृत कर पुलिस ने किशोरी की बरामदगी और आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी।

 

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष भूपेन्द्र कुमार निषाद के नेतृत्व में सकलडीहा पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। इसी क्रम में रविवार को वांछित अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने आरोपी गोविन्द राय को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही अपहृत किशोरी को भी सकुशल बरामद कर लिया गया।

 

गिरफ्तार आरोपी की पहचान गोविन्द राय निवासी ग्राम महेशुआ (नई बाजार), थाना सकलडीहा, जनपद चंदौली के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

 

इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक जनक सिंह, कांस्टेबल उपेंद्र सिंह तथा महिला कांस्टेबल रिंकी शामिल रहीं। पुलिस ने कहा कि महिलाओं और बच्चों से जुड़े अपराधों के मामलों में त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

 

Back to top button
error: Content is protected !!