
चंदौली। उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जिला मुख्यालय और नियमाबाद ब्लॉक में भव्य कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां ग्राम प्रधानों के उत्कृष्ट कार्यों को सम्मानित किया गया। ग्राम प्रधानों को गौरव सम्मान दिया गया। सम्मानित ग्राम प्रधानों ने पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ जनता की सेवा का भरोसा दिलाया।
जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फूडे के नेतृत्व में जिला मुख्यालय पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में राज्य मंत्री समाज कल्याण एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण संजीव गौंड ने धानापुर विकास खंड के मिर्जापुर ग्राम सभा के ग्राम प्रधान राजेश सिंह को उनकी ग्राम पंचायत में किए गए उल्लेखनीय विकास कार्यों के लिए सम्मानित किया। इस दौरान मंत्री संजीव गौंड ने कहा कि उत्तर प्रदेश विकास के नए आयाम छू रहा है। भाजपा सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में विकास को अपनी प्राथमिकता मानते हुए बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए काम कर रही है।
वहीं, नियमाबाद ब्लॉक स्थित डीपीआरसी में भी उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें ग्राम पंचायत सेवड़ी हुदहुदीपुर के प्रधान आशुतोष कुमार सिंह उर्फ रिंकू सिंह को उत्कृष्ट कार्यों के लिए उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें राज्य मंत्री संजीव गौंड, चकिया विधायक कैलाश खरवार, जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फूडे, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष छत्रबली सिंह और जिला पंचायत राज अधिकारी नीरज कुमार सिंह की उपस्थिति में प्रदान किया गया। ग्राम प्रधान रिंकू सिंह ने कहा, “गांव के विकास और स्वच्छता को प्राथमिकता देना मेरी जिम्मेदारी है। मैं गांव को सुंदर और आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रयासरत हूं।” इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह, राणा प्रताप सिंह, डीपीएम सौरभ कुमार सिंह और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।