
चंदौली। मुगलसराय पुलिस ने एक नाबालिग छात्र को प्रेम जाल में फंसाकर गुजरात ले जाने के मामले का खुलासा करते हुए आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया है। उच्चाधिकारियों के निर्देशन और थानाध्यक्ष मुगलसराय के नेतृत्व में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत पुलिस को यह महत्वपूर्ण सफलता मिली है। मामले में पुलिस ने गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए अभियुक्ता को न्यायालय में पेश किया गया।
मुगलसराय क्षेत्र निवासी 17 वर्षीय छात्र आदर्श महाराज बीते 08 मई 2026 को सुबह स्कूल जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने रिश्तेदारों, दोस्तों और आसपास के क्षेत्रों में काफी खोजबीन की, लेकिन छात्र का कोई सुराग नहीं मिला। उसका मोबाइल फोन भी लगातार बंद आ रहा था। इसके बाद परिजनों की तहरीर पर थाना मुगलसराय में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस को पता चला कि अलीनगर क्षेत्र निवासी युवती छात्र को अपने प्रेम जाल में फंसाकर बहला-फुसला लिया और उसे गुजरात राज्य के कच्छ जनपद ले गई। वहां उसने किराये का कमरा लेकर छात्र को अपने साथ रखा था। आरोप है कि युवती छात्र को किसी से संपर्क नहीं करने दे रही थी।
इसी बीच छात्र को मौका मिलने पर उसने पड़ोस के कमरे से मोबाइल फोन लेकर अपने पिता को कॉल किया और अपनी लोकेशन की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन गुजरात पहुंचे और छात्र को सकुशल वापस लेकर आए। इसके बाद पुलिस ने मामले में धारा 87 बीएनएस तथा 3/4 पॉक्सो एक्ट की बढ़ोतरी की।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्ता को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अभियुक्ता ने छात्र को अपने साथ गुजरात ले जाने की बात स्वीकार की है। पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

