ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: चंदौली में दर्दनाक हादसा, ट्रैक्टर ने बाइक में मारी टक्कर, दो चचेरे भाइयों की मौत

चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के गुरेरा गांव के पास शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही जान चली गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर हंगामा शुरू कर दिया, जिसे पुलिस ने समझाकर शांत कराया।

 

फूलपुर निवासी श्रीराम राम (48 वर्ष) और उनके चचेरे भाई किशन कुमार चहनियां बाजार से तिरपाल खरीदकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान गुरेरा हाईवे पर चहनियां की ओर जा रहे एक ट्रैक्टर ने सामने से उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

 

घटना के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और आक्रोश जताने लगे। सूचना पर पहुंचे बलुआ थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया।

 

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को भी कब्जे में लेकर थाने लाया गया है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुट गई है।

Back to top button
error: Content is protected !!