weatherचंदौली

Chandauli Weather: चंदौली में गर्मी ने किया बेहाल, तीन दिन भीषण लू, मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट

चंदौली। जिले में इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है। आसमान से बरसती आग और गर्म हवा के थपेड़ों के चलते तापमान 45 डिग्री पर पहुंच गया है। रातें भी गर्म हो रही हैं। लोगों को न तो दिन में राहत मिल रही है और न ही रात में चैन। मौसम विभाग ने 24 से 26 मई तक तीन दिन भीषण लू चलने की आशंका जताते हुए रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं अगले सप्ताह शेष दिवसों के लिए लू का यलो अलर्ट जारी किया गया है। इसको देखते हुए प्रशासन भी सतर्क नजर आ रहा है। एडीएम राजेश कुमार ने संबंधित विभागों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।

 

अपर जिलाधिकारी ने श्रमिकों और मजदूरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्यों, फैक्ट्रियों और अन्य श्रम कार्यों के समय में भी बदलाव करने के निर्देश दिए गए हैं। दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक श्रमिकों को सीधी धूप में काम न कराने या न्यूनतम कार्य कराने की व्यवस्था लागू की जाएगी। इस संबंध में श्रम विभाग और औद्योगिक इकाइयों को अलग से दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।

 

नगर निकायों, ग्राम्य विकास और अन्य संबंधित विभागों को सार्वजनिक स्थलों पर विशेष व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, मंदिर, बाजार और भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में कूल शेल्टर, छायादार विश्राम स्थल, प्याऊ, वाटर टैंकर और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही प्रमुख चौराहों पर ग्रीन नेट और शेड लगाने तथा सड़कों पर पानी का छिड़काव कराने के लिए वाटर स्प्रिंकलर सक्रिय रखने को कहा गया है।

 

स्वास्थ्य विभाग को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है। जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) और आंगनवाड़ी केंद्रों में हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन से निपटने के लिए ओआरएस, आईवी फ्लूड, आवश्यक दवाइयों, कूलिंग बेड और प्रशिक्षित चिकित्सीय स्टाफ की अतिरिक्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। एम्बुलेंस सेवाओं और आपातकालीन चिकित्सा तंत्र को भी सक्रिय मोड में रखा जाएगा।

 

इसके अलावा प्रशासन द्वारा जनपद स्तर पर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है। सोशल मीडिया, माइकिंग, पीए सिस्टम और कूड़ा गाड़ियों के माध्यम से लोगों को दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक घर से बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और हीट स्ट्रोक से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

Back to top button
error: Content is protected !!