ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: सावन शिवरात्रि को लेकर चंदौली में ट्रैफिक डायवर्जन, 12 अगस्त तक रहेगा प्रभावी, यहां जान लें पुलिस की ट्रैफिक एडवाइजरी

चंदौली। श्रावण शिवरात्रि और कांवड़ यात्रा के मद्देनजर जनपद चंदौली में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए रूट डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। पहले 8 अगस्त से 11 अगस्त की सुबह छह बजे तक लागू डायवर्जन को अब 12 अगस्त बुधवार की सुबह छह बजे तक बढ़ा दिया गया है। इस दौरान भारी वाहनों, मालवाहक वाहनों और अन्य वाहनों के आवागमन के लिए कई मार्गों पर बदलाव किया गया है।

 

यातायात पुलिस के अनुसार चंदौली से वाराणसी जाने वाले भारी और मालवाहक वाहनों को आलमपुर अंडरपास से डायवर्ट कर एनएच-19 के रास्ते अखरी बाईपास की ओर भेजा जाएगा। बिहार, चंदौली और बबुरी की ओर से वाराणसी जाने वाले वाहनों को गोधना चौराहा से डायवर्ट किया जाएगा। इसी तरह अलीनगर-चंदौली की ओर से आने वाले वाहनों को चकिया तिराहा से गोधना चौराहे की ओर भेजकर एनएच-19 से अखरी बाईपास के रास्ते वाराणसी भेजा जाएगा।

 

मुगलसराय से पड़ाव होकर वाराणसी जाने वाले भारी वाहनों को रामनगर की ओर डायवर्ट किया जाएगा। चंदौली से जौनपुर, गाजीपुर और आजमगढ़ जाने वाले कार, छोटे और मालवाहक वाहनों को पंचफेड़वा रिंग रोड से उनके गंतव्य की ओर भेजा जाएगा।

 

इसके अलावा कटरिया तिराहा से रामनगर-पड़ाव की ओर ट्रक और मालवाहक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। रामनगर से पड़ाव आने वाले मुगलसराय जाने वाले वाहनों को शाहूपुरी तिराहा से एफसीआई तिराहा की ओर डायवर्ट किया जाएगा। हाईवे से लंका मैदान तिराहा होते हुए पड़ाव आने वाले ट्रक और मालवाहक वाहनों को लंका मैदान पर ही रोका जाएगा। कटरिया और रामनगर की ओर से पड़ाव होते हुए वाराणसी या पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर जाने वाले वाहनों को पीएससी तिराहा से एनएच-19 की ओर भेजा जाएगा। वहीं एफसीआई गोदाम से पड़ाव होकर रामनगर या वाराणसी जाने वाले वाहनों को साहूपुरी रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा। कोयला मंडी से भारी वाहनों के पड़ाव की ओर जाने पर भी रोक रहेगी।

  

नवही नहर पर निर्माणाधीन पुलिया के कारण भी बदला मार्ग

नवही नहर पर निर्माणाधीन पुलिया को देखते हुए श्रद्धालुओं और कांवड़ियों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया गया है। धरौली और चकिया की ओर से दोपहिया व हल्के वाहनों से आने वाले श्रद्धालु नवही चौराहा से करीब 200 मीटर उत्तर स्थित छोटी पुलिया से होकर कस्बा चंदौली पहुंचेंगे और वहां से एनएच-19 के रास्ते आगे जाएंगे।

 

वहीं भारी वाहन, चारपहिया और अन्य हल्के वाहनों से आने वाले श्रद्धालु नवही चौराहा से भगवानपुर तालाब होते हुए एनएच-19 पर पहुंचकर अपने गंतव्य की ओर जाएंगे। प्रशासन ने श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से निर्धारित डायवर्जन का पालन करने तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।

 

Back to top button
error: Content is protected !!