चंदौली। चोरों ने मुख्यालय स्थित सपा कार्यालय को निशाना बनाया। चोर नरसिंहपुर स्थित सपा कार्यालय में लगे तीन पंखे खोल ले गए। सपा जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर ने घटना के बाबत पुलिस को तहरीर देकर अवगत कराया है। वहीं पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सपा जिलाध्यक्ष के अनुसार सोमवार की रात कुछ अज्ञात लोगों ने सपा कार्यालय में लगे तीन पंखे चुरा लिए। हालांकि कार्यालय में देखरेख और सुरक्षा के लिए एक चपरासी रहता है। इसके बावजूद चोरी की घटना हो गई। घटना संज्ञान में आने के बाद जिलाध्यक्ष ने पुलिस को अवगत कराया है। इसके पहले भी गोधना स्थित निर्माणाधीन सपा कार्यालय से छड़ चोरी की घटना हुई सामने आई थी।
सपा कार्यालय में चोरी की घटना को लेकर चर्चाएं हो रही हैं। सपा जिलाध्यक्ष ने बताया कि कार्यालय से तीन पंखे चोरी हुए हैं। पुलिस को तहरीर देकर घटना की जानकारी दी गई है। सदर कोतवाल राजेश कुमार सिंह ने बताया कि घटना की तहरीर प्राप्त हुई है। इसकी जांच की जा रही है।