
चंदौली। बलुआ थाना के शिवपुर गांव में बारात में पहुंची दूल्हे की चाची ने शादी के रंग में भंग डाल दिया। दूल्हे पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाते हुए शादी रुकवा दी। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने दूल्हे को हिरासत में लेकर थाने ले आई और पूछताछ में जुट गई। सिंदूर डालने से पहले ही दूल्हा थाने पहुंच गया। ऐसे में शादी होने से पहले ही टूट गई।
सकलडीहा थाना क्षेत्र के पदुमनाथपुर गांव निवासी अंगद राय पीएसी में कांस्टेबल है। उसकी शादी के लिए शिवपुर गांव में बारात धूमधाम से गई थी। बाराती भोजन का आनंद ले रहे थे। जयमाल की रस्म हो चुकी थी। मंडप में शादी की रस्में शुरू हो गई थीं। उसी दौरान दूल्हे की रिश्ते में चाची लगने वाली निर्मला देवी पहुंची। उन्होंने दूल्हे पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण का आरोप लगाया। पीड़िता ने धानापुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। ऐसे में पुलिस ने दूल्हे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। थाना प्रभारी शरद गुप्ता ने बताया कि शारीरिक शोषण और छेड़खानी के आरोपी को गिरफ्तार कर चालान कर दिया गया है।