चंदौलीप्रशासन

Chandauli News: चकिया क्षेत्र में बारिश में घर गिरने से बेघर हुए लोगों के दरवाजे पहुंचे डीएम, पक्का आवास का दिया भरोसा, अफसर-कर्मचारियों को दिए सख्त निर्देश

चंदौली। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने बुधवार को चकिया तहसील क्षेत्र के वर्षा प्रभावित गांवों का दौरा कर बारिश से हुए नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने बहोरा (कुर्थिया), सिकठिया (चित्तौड़ी) और पिपराकला गांवों में पहुंचकर क्षतिग्रस्त एवं ढहे मकानों की स्थिति देखी। इस दौरान पिछले वर्ष बारिश में बेघर हुए परिवारों के लिए बनाए गए नए आवासों का भी भौतिक सत्यापन किया।

जिलाधिकारी ग्रामीणों की चौखट तक पहुंचे और प्रभावित परिवारों से उनकी समस्याएं पूछीं। उन्होंने मौके पर मौजूद एसडीएम चकिया और बीडीओ को निर्देश दिया कि बारिश से प्रभावित और बेघर हुए परिवारों के पुनर्वास में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि पात्र आपदा प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत राशि उपलब्ध कराने के साथ उन्हें शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी दिलाया जाए।

जिलाधिकारी ने गांवों में कई स्थानों पर पैदल पहुंचकर जमीनी स्थिति देखी और ग्रामीणों से संवाद किया। उन्होंने बच्चों से उनकी पढ़ाई के बारे में जानकारी ली। वहीं महिलाओं से स्वयं सहायता समूहों, शौचालय निर्माण, आयुष्मान भारत कार्ड, मुफ्त राशन वितरण और मनरेगा के तहत मिल रहे रोजगार की स्थिति के बारे में फीडबैक लिया।

उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। जिन पात्र लोगों को अभी तक योजनाओं का लाभ नहीं मिला है, उनके तत्काल फॉर्म भरवाकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराई जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि आपदा की स्थिति में प्रशासन प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता से खड़ा है।

जिलाधिकारी ने कहा कि जिन परिवारों के मकान बारिश में गिर गए हैं या क्षतिग्रस्त हुए हैं, उन्हें तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का उद्देश्य केवल तात्कालिक राहत देना नहीं, बल्कि प्रभावित परिवारों को पक्का आवास, आयुष्मान भारत कार्ड, राशन और मनरेगा के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराकर उनके जीवन को दोबारा सामान्य स्थिति में लाना है।

उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र व्यक्ति का हक नहीं मारा जाएगा। योजना का लाभ मिलने में किसी प्रकार की बाधा आने पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल सूचना देने की अपील की। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने एडीओ पंचायत को गांवों में नियमित साफ-सफाई कराने तथा जलभराव वाले क्षेत्रों में एंटी-लार्वा का छिड़काव कराने के निर्देश दिए, ताकि बारिश के बाद संक्रमण और मच्छरों से होने वाली बीमारियों की आशंका को कम किया जा सके।

Back to top button
error: Content is protected !!