ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: चंदौली पुलिस ने भैंस चोरी करने वाले गैंग का किया पर्दाफाश, आठ आरोपी धराए, पिकअप से एक भैंस व छह मोबाइल बरामद

चंदौली। अलीनगर थाना पुलिस ने सर्विलांस टीम की मदद से जिले में सक्रिय भैंस चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरोह के सदस्य गांवों में दिन और रात के समय रेकी कर भैंसों को चिन्हित करते थे और सुनसान एवं अंधेरी जगहों का फायदा उठाकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। चोरी किए गए मवेशियों को पिकअप वाहन से बिहार ले जाकर कम कीमत पर बेच दिया जाता था। पूछताछ में आरोपियों ने आधा दर्जन से अधिक भैंस चोरी की घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की है।

 

पुलिस के मुताबिक पिछले कुछ महीनों से चंदौली जिले में लगातार भैंस चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद उच्चाधिकारियों के निर्देश पर सभी थाना पुलिस के साथ स्वाट और सर्विलांस टीमों को निगरानी में लगाया गया था। जांच के दौरान मिले सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर एक सक्रिय गिरोह की जानकारी सामने आई।

 

रेवसा रेलवे ब्रिज के नीचे दबिश

8 सितंबर 2026 को प्रभारी निरीक्षक अलीनगर गगनराज सिंह और प्रभारी सर्विलांस सेल उपनिरीक्षक आशीष मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि रेवसा स्थित रेलवे ब्रिज के नीचे कुछ लोग पिकअप में चोरी की भैंस लाद रहे हैं। सूचना पर पुलिस और सर्विलांस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।

 

पुलिस के पहुंचते ही आरोपियों ने पिकअप चालक को वाहन पुलिसकर्मियों की ओर तेजी से बढ़ाने के लिए कहा। चालक ने वाहन को पुलिस की ओर दौड़ा दिया, लेकिन पिकअप अनियंत्रित होकर ब्रिज के पिलर से टकरा गई। पुलिसकर्मियों ने खुद को बचाते हुए चालक समेत भैंस लाद रहे सभी आरोपियों को पकड़ लिया।

 

गिरफ्तार आरोपियों में वाराणसी के जैतपुरा निवासी मो. याकूब, चंदौली के सकलडीहा निवासी विजय चौहान उर्फ रिंकू, वाराणसी के सारनाथ निवासी आनंद मौर्य, कैमूर बिहार निवासी ओम प्रकाश नट, चंदौली निवासी सटरु हुसैन, कैमूर निवासी नितेश कुमार, बक्सर निवासी अखिलेश नट और कैमूर निवासी विनोद नट शामिल हैं।

 

चंदौली समेत कई थाना क्षेत्रों में चोरी कबूली

पूछताछ में आरोपियों ने बरामद भैंस को अन्य साथियों बन्नी, गुड्डू और साहेब के साथ पास के एक गांव से चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपियों ने अलीनगर, सकलडीहा, चंदौली, सैयदराजा, चकिया और इलिया थाना क्षेत्रों में पूर्व में मवेशी चोरी की घटनाओं का भी खुलासा किया।

 

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक भैंस, पिकअप वाहन संख्या UP61T3510, 23,700 रुपये नकद और छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मामले में थाना अलीनगर में धारा 109(1)/317(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

 

पुलिस के अनुसार आरोपी विजय चौहान उर्फ रिंकू के खिलाफ चकिया, शहाबगंज, सकलडीहा और इलिया थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं, जबकि सटरु हुसैन के खिलाफ भी पूर्व में गोवध निवारण और पशु क्रूरता अधिनियम से संबंधित मामला दर्ज रहा है।

 

Back to top button
error: Content is protected !!