ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : थाने की पानी टंकी में दरोगा का उतराया मिला शव, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप, चिड़ियों को दाना खिलाने गए थे

चंदौली। चकिया कोतवाली परिसर में संदिग्ध परिस्थितियों में पानी की टंकी में डूबकर दरोगा की मौत हो गई। इसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। घटना के बाद परिजनों को जानकारी देते हुए पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा कि दरोगा चिड़ियों को दाना खिलाने के लिए पानी टंकी के पास गए थे। उसी दौरान उसमें गिर पड़े।

मंगलवार को पीआरबी में तैनात दरोगा अशोक सिंह कोतवाली परिसर स्थित छत पर चिड़ियों को दाना खिलाने गए थे। सहकर्मियों की मानें तो दाना खिलाने के बाद बर्तन को पानी की टंकी में झुक कर धोने लगे। इसी दौरान अचानक पानी टंकी में गिर गए। पानी टंकी में डूबने से उनकी मौत हो गई। घटना के बाद कोतवाली परिसर में हड़कंप मच गया। मामले की जानकारी होते ही पुलिस कर्मियों ने आननफानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।  घटना के बाद स्थानीय पुलिस ने परिजनों को सूचना देने के साथ ही साथ डेड बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दारोगा अशोक सिंह मऊ जिले के ग्राम भवनाथपुर थाना सराय लखनसी के रहने वाले थे। पिछले 2 साल से चंदौली जनपद में उप निरीक्षक के पद पर तैनात थे। फिलहाल उनकी नियुक्ति पीआरबी दरोगा के रूप में थी। सूचना के बाद अस्पताल पहुंचे दरोगा अशोक सिंह के तीन बेटों ने शव को पोस्टमार्टम के बाद रिसीव किया। इसके बाद चंदौली स्थित पुलिस लाइन में राजकीय सम्मान के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी गई। घटना से परिजनों को गहरा झटका लगा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Back to top button
error: Content is protected !!