fbpx
ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को कौशल विकास का प्रशिक्षण, बच्चों की शिक्षा और समग्र विकास पर दिया जोर

चंदौली। चहनियां कस्बे के ग्राम सभा खंडवारी स्थित पंचायत भवन में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए एक विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण रॉकेट लर्निंग संस्था के ट्रेनर और जिला समन्वयक संजीव कुमार द्वारा दिया गया, जिसमें प्रारंभिक बाल्यावस्था में बच्चों की शिक्षा और उनके समग्र विकास पर जोर दिया गया।

 

बच्चों के समग्र विकास पर दिया गया जोर

प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षक संजीव कुमार ने बताया कि प्रारंभिक बाल्यावस्था में शिक्षा के साथ-साथ खेल और गतिविधियों के माध्यम से बच्चों के विभिन्न कौशलों का विकास करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा को प्रभावी बनाने के लिए पांच प्रमुख विकासात्मक नियमों का पालन करना चाहिए:

 

  1. भाषा विकास: बच्चों को बोलने, सुनने और सही उच्चारण सिखाने पर ध्यान देना चाहिए।
  2. शारीरिक विकास: छोटी और बड़ी मांसपेशियों को मजबूत करने के लिए विभिन्न गतिविधियां करानी चाहिए।
  3. रचनात्मक विकास: ड्राइंग, पेंटिंग और हस्तकला जैसी गतिविधियों के माध्यम से बच्चों की रचनात्मक सोच को बढ़ावा देना चाहिए।
  4. सामाजिक एवं भावनात्मक विकास: बच्चों को अच्छे व्यवहार, अनुशासन और सहानुभूति सिखाने पर बल देना चाहिए।
  5. बौद्धिक और संज्ञानात्मक विकास: पजल्स, कहानी सुनाना और गणितीय गतिविधियों के जरिए बच्चों के मानसिक विकास को बढ़ावा देना चाहिए।

 

खेल-खेल में शिक्षा को बनाया जाएगा रोचक

प्रशिक्षक ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को खेल-खेल में पढ़ाने की प्रक्रिया अपनानी चाहिए, ताकि वे रुचि लेकर सीख सकें। उन्होंने चित्रों, कहानियों और व्यावहारिक गतिविधियों के माध्यम से शिक्षा देने के महत्व पर प्रकाश डाला। साथ ही, गृहकार्य देने और अन्य भाषाओं से परिचित कराने पर भी जोर दिया।

 

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने लिया भाग

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता निर्मला देवी, शशिकला देवी, बेबी पांडेय, सरिता पांडेय, सिंधु यादव समेत कई अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहीं। सभी ने प्रशिक्षण से प्राप्त जानकारियों को अपने केंद्रों में लागू करने की प्रतिबद्धता जताई।

 

Back to top button