
चंदौली। चंदौली-मझवार रेलवे स्टेशन के समीप नेशनल हाईवे पर शुक्रवार को सड़क पार कर रही छह वर्षीय बालिका को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल बालिका को स्थानीय लोगों की मदद से 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
बताया गया कि शहाबगंज निवासी मंसूर अली अपनी छह वर्षीय बेटी शमा के साथ बिहार स्थित ननिहाल से घर लौट रहे थे। दोनों चंदौली-मझवार स्टेशन के पास ऑटो पकड़ने के लिए नेशनल हाईवे पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पार कर रही शमा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बालिका गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी।
हादसे के बाद घटनास्थल पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के बाद चालक ट्रक समेत मौके से फरार हो गया। बेटी को घायल हालत में देखकर पिता मंसूर अली बदहवास हो गए और मदद के लिए चीख-पुकार मचाने लगे। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल बालिका को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने बालिका का उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर हालत के चलते उसे बचाया नहीं जा सका। इलाज के दौरान शमा ने दम तोड़ दिया। चिकित्सकों द्वारा मौत की पुष्टि किए जाने की जानकारी मिलते ही परिजनों में मातम पसर गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलने पर सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही दुर्घटना के बाद फरार हुए ट्रक और उसके चालक की तलाश की जा रही है।
पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि ट्रक की पहचान और चालक के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। पुलिस अधिकारियों के अनुसार ट्रक के नंबर के आधार पर उसके मालिक और चालक तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
सदर कोतवाल बिंदेश्वर पांडेय ने बताया कि ट्रक की चपेट में आने से छह वर्षीय बालिका की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ट्रक के नंबर के आधार पर चालक की तलाश की जा रही है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

