चंदौलीराज्य/जिला

डीएफसी अधिकारियों-कर्मचारियों को साइबर फ्रॉड से बचाव के बताए तरीके, पुलिस टीम ने किया जागरूक

संवाददाता: रंधा सिंह

चंदौली। विजिलेंस जागरूकता सप्ताह के तहत पंडित दीनदयाल उपाध्याय फ्रेट कॉरिडोर यूनिट के कॉन्फ्रेंस हॉल में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। चंदौली पुलिस की साइबर सुरक्षा टीम ने डीएफसी अधिकारियों और कर्मचारियों को साइबर फ्रॉड से बचाव तथा ठगी होने की स्थिति में तत्काल की जाने वाली कार्रवाई के बारे में जानकारी दी।

कार्यक्रम का आयोजन मुख्य महाप्रबंधक के निर्देश पर निरीक्षक प्रभारी वीके सिंह और मानव संसाधन के उप प्रबंधक एसपी गुप्ता की पहल पर किया गया। पुलिस अधीक्षक चंदौली आकाश पटेल के निर्देशन में साइबर सुरक्षा टीम ने कर्मचारियों को ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों, संदिग्ध लिंक और कॉल से बचने, ओटीपी व बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने समेत जरूरी सावधानियों के बारे में बताया।

साइबर पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मिर्जा रिजवान, पवन कुमार यादव समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। टीम ने साइबर फ्रॉड होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जानकारी भी दी।

डीएफसी अधिकारियों ने चंदौली पुलिस के साइबर जागरूकता अभियान की सराहना की। कार्यक्रम के अंत में साइबर टीम को डीएफसी की ओर से मोमेंटो और 2500 रुपये की नकद राशि देकर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के प्रयासों की सराहना करते हुए साइबर पुलिस टीम का आभार जताया। कार्यक्रम में फ्रेट कॉरिडोर के करीब 50 अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए।

Back to top button
error: Content is protected !!