
चंदौली। पड़ाव क्षेत्र के चौरहट के समीप गुरुवार शाम छिनैती की एक बड़ी वारदात सामने आई। फार्च्यून तेल कंपनी के कर्मचारी से बाइक सवार चार बदमाश करीब 1.50 लाख रुपये से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस घटना की जांच में जुटी है।
कंपनी का कर्मचारी पप्पू हर गुरुवार की तरह विशेश्वरगंज क्षेत्र से रुपये का कलेक्शन लेकर पड़ाव की ओर जा रहा था। वह मोपेड से रुपये लेकर चौरहट के पास पहुंचा ही था कि तभी दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवकों ने उसकी गाड़ी में टक्कर मार दी। अचानक टक्कर लगने से कर्मचारी सड़क पर गिर पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के तुरंत बाद बदमाश मदद करने के बहाने उसके पास पहुंचे। इसी दौरान शातिरों ने मोपेड की डिग्गी में रखा रुपयों से भरा बैग निकाल लिया और मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने शोर मचाया, लेकिन तब तक आरोपी तेज रफ्तार बाइक से भाग चुके थे।
बताया जा रहा है कि बैग में करीब डेढ़ लाख रुपये मौजूद थे। घटना की सूचना मिलते ही मुगलसराय कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।

