
चंदौली। चकिया कोतवाली क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय गांधीनगर को गुरुवार रात चोरों ने निशाना बनाया। चोरों ने विद्यालय के किचन रूम का ताला तोड़कर मिड डे मील योजना से जुड़ा जरूरी सामान चोरी कर लिया। घटना की जानकारी शुक्रवार सुबह उस समय हुई, जब विद्यालय खुला। चोरी की सूचना मिलते ही विद्यालय स्टाफ और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया।
विद्यालय पहुंचे प्रधानाध्यापक रामदुलार सिंह ने बताया कि सुबह जब किचन रूम का ताला टूटा हुआ मिला, तो अंदर जाकर जांच की गई। किचन में रखे दो गैस सिलेंडर, अनाज रखने का कंडाल, प्लेट, कटोरी, गिलास, चावल, आटा समेत अन्य आवश्यक सामग्री गायब पाई गई। इसके अलावा कुछ सामान बिखरा पड़ा था, जिससे यह स्पष्ट होता है कि चोरों ने काफी समय तक अंदर रहकर चोरी की घटना को अंजाम दिया।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय गांधीनगर जंगल के बीच स्थित है और विद्यालय परिसर की अब तक चारदीवारी नहीं हो सकी है। उनका आरोप है कि वन विभाग की आपत्ति के चलते बाउंड्री वॉल का निर्माण नहीं कराया जा सका, जिसके कारण विद्यालय परिसर हमेशा असुरक्षित रहता है। रात के समय पूरा इलाका सुनसान हो जाता है, जिसका फायदा उठाकर असामाजिक तत्व आए दिन ऐसी घटनाओं को अंजाम देते हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और शीघ्र चारदीवारी निर्माण कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने कहा कि मिड डे मील का सामान चोरी होने से बच्चों के भोजन की व्यवस्था भी प्रभावित होगी।
प्रधानाध्यापक रामदुलार सिंह ने घटना की सूचना खंड शिक्षाधिकारी अजय कुमार को दे दी है। साथ ही सैदूपुर चौकी प्रभारी अनिल कुमार पांडेय को लिखित तहरीर सौंपकर कार्रवाई की मांग की गई है। इस संबंध में चौकी प्रभारी अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो चुकी है और मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। जल्द ही दोषियों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

