ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: पुलिस का ऑपरेशन ‘दहन’, भट्ठी में झोंकवाया 5 करोड़ का गांजा-हेरोइन

चंदौली। मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन दहन’ के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न मामलों में बरामद भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थों का विनष्टीकरण किया। यह कार्रवाई उच्चाधिकारियों के निर्देशन एवं न्यायालय के आदेश के अनुपालन में की गई।

 

पुलिस विभाग के अनुसार जनपद के विभिन्न थानों में दर्ज कुल 16 मुकदमों से संबंधित 313.637 किलोग्राम अवैध गांजा तथा 1.74 किलोग्राम अवैध हेरोइन को नष्ट किया गया। इस प्रकार कुल 315.377 किलोग्राम मादक पदार्थ विनष्टीकरण की प्रक्रिया के तहत समाप्त किए गए। अधिकारियों के अनुसार नष्ट किए गए मादक पदार्थों की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 5 करोड़ रुपये है।

 

विनष्टीकरण की पूरी प्रक्रिया पर्यावरणीय मानकों का पालन करते हुए थाना मुगलसराय क्षेत्र के औद्योगिक नगर चौकी अंतर्गत स्थित गणेश प्लाई फैक्ट्री के इंसिनरेटर (भट्ठी) में संपन्न कराई गई। इस दौरान सुरक्षा और पारदर्शिता के सभी आवश्यक प्रावधानों का विशेष ध्यान रखा गया।

 

विनिष्टीकरण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन सतीशचंद्र शुक्ला, क्षेत्राधिकारी लाइन/सकलडीहा कृष्ण मुरारी शर्मा, प्रभारी निरीक्षक डीसीआरबी तथा विधिक समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

Back to top button
error: Content is protected !!