ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: ताजिया जुलूस में शस्त्रों का नहीं होगा प्रदर्शन, तय रूट से निकलेंगे ताजिये, नहीं शुरू होगी नई परंपरा, डीएम व एसपी ने दिए निर्देश

चंदौली। मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को पुलिस लाइन सभागार में पीस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी चन्द्रमोहन गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने संयुक्त रूप से की। इस दौरान ताजियेदारों को शासन की गाइडलाइन से अवगत कराया गया। डीएम व एसपी ने जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

 

अधिकारियों ने उपस्थित लोगों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि पर्व के दौरान सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होने दी जाएगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि मोहर्रम के दौरान साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, प्रकाश व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि जुलूस मार्गों की मरम्मत, सफाई और अन्य आवश्यक तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं ताकि श्रद्धालुओं और ताजियेदारों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

 

एसपी ने कहा कि मोहर्रम के अवसर पर निकलने वाले सभी ताजिया जुलूस केवल पूर्व निर्धारित एवं पारंपरिक मार्गों से ही निकाले जाएंगे। बिना प्रशासनिक अनुमति के किसी नए मार्ग या नई परंपरा की शुरुआत नहीं की जाएगी। उन्होंने ताजिया कमेटियों से अपील की कि ताजियों की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रखी जाए, ताकि जुलूस के दौरान विद्युत तारों अथवा अन्य संरचनाओं से किसी प्रकार की दुर्घटना न हो।

 

उन्होंने स्पष्ट किया कि जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। सभी ताजिया अपने निर्धारित समय और क्रम के अनुसार ही निकाले जाएंगे, जिससे यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित न हो। पुलिस अधीक्षक ने सोशल मीडिया पर विशेष सतर्कता बरतने की अपील करते हुए कहा कि अफवाह फैलाने, भ्रामक पोस्ट साझा करने अथवा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया।

 

बैठक के अंत में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी ताजिया कमेटियों, धर्मगुरुओं और नागरिकों से प्रशासन का सहयोग करने तथा भाईचारे, आपसी सद्भाव और शांति के साथ मोहर्रम पर्व मनाने की अपील की। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक सदर, अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन, उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।

 

Back to top button
error: Content is protected !!