ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: पीएम किसान योजना की 23वीं किश्त जारी, चंदौली के दो लाख से अधिक किसानों को मिला लाभ, केविके में हुआ लाइव प्रसारण

चंदौली। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत शनिवार को जनपद चंदौली के किसानों के लिए राहत और खुशी का दिन रहा। प्रधानमंत्री द्वारा पश्चिम बंगाल के तारकेश्वर, हुगली से आयोजित कार्यक्रम के दौरान योजना की 23वीं किश्त देशभर के करोड़ों किसानों के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से जारी की गई। इसी क्रम में चंदौली जनपद के 2,00,275 पात्र किसानों के खातों में भी सम्मान निधि की राशि सीधे हस्तांतरित की गई।

किसानों को प्रधानमंत्री के संबोधन और कार्यक्रम से जोड़ने के लिए जनपद स्तर पर व्यापक व्यवस्थाएं की गई थीं। कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके), सभी विकास खंडों तथा ग्राम पंचायतों के पंचायत भवनों में कार्यक्रम के लाइव प्रसारण की व्यवस्था की गई। बड़ी संख्या में किसान इन केंद्रों पर पहुंचकर कार्यक्रम से जुड़े और प्रधानमंत्री का संबोधन सुना।

 

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों और कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसान सम्मान निधि योजना को किसानों की आर्थिक मजबूती की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। वक्ताओं ने कहा कि इस योजना से किसानों को खेती-किसानी से जुड़े आवश्यक कार्यों में आर्थिक सहायता मिल रही है, जिससे उनकी आय बढ़ाने और कृषि गतिविधियों को सशक्त बनाने में मदद मिल रही है।

 

उप कृषि निदेशक भीमसेन ने बताया कि जनपद के सभी पात्र किसानों के खातों में राशि भेजने की प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई है। उन्होंने कहा कि जिन किसानों को ई-केवाईसी, बैंक खाते या अन्य तकनीकी कारणों से भुगतान प्राप्त करने में किसी प्रकार की समस्या आ रही है, वे अपने संबंधित विकास खंड या कृषि विभाग के कार्यालय से संपर्क कर समाधान प्राप्त कर सकते हैं।

 

कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष अशोक उपाध्याय, कृषि विज्ञान केंद्र के अध्यक्ष डॉ. नरेन्द्र रघुवंशी, वैज्ञानिक डॉ. अभयदीप गौतम, भूमि संरक्षण अधिकारी सहित कृषि विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। साथ ही क्षेत्र के प्रगतिशील किसानों और बड़ी संख्या में स्थानीय कृषकों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।

 

Back to top button
error: Content is protected !!