ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: कड़ी निगरानी में संपन्न हुई पुलिस भर्ती परीक्षा, डीएम-एसपी ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण

चंदौली। जनपद में आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी माहौल में संपन्न हुई। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में प्रशासन और पुलिस विभाग ने सुरक्षा तथा निगरानी के व्यापक इंतजाम किए थे, जिसके चलते परीक्षा सकुशल संपन्न कराई गई।

 

मंगलवार को आयोजित परीक्षा की प्रथम पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक संचालित हुई। इस पाली में कुल 4128 अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होना था, जिनमें से 3165 अभ्यर्थी उपस्थित रहे जबकि 963 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। वहीं दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की गई, जिसमें कुल 4128 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 3201 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी और 927 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।

भर्ती परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज स्थित परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्र पर स्थापित सीसीटीवी कैमरों, कंट्रोल रूम, स्ट्रांग रूम तथा परीक्षा कक्षों की व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया।

 

जिलाधिकारी ने परीक्षा संचालन से जुड़े अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि भर्ती परीक्षा को पूर्ण निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी तंत्र और गोपनीयता से जुड़े सभी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

पुलिस अधीक्षक ने भी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। परीक्षा केंद्रों के आसपास पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी तथा अभ्यर्थियों की सघन जांच के बाद ही उन्हें परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया।

 

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार भर्ती परीक्षा के दौरान कहीं से भी किसी प्रकार की अव्यवस्था या अनियमितता की सूचना नहीं मिली। जिला प्रशासन ने परीक्षा को सफल, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना की है।

Back to top button
error: Content is protected !!