ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: सरकारी कार्य में पहुंचाई बाधा, पुलिस टीम पर किया हमला, दो आरोपी गिरफ्तार

चंदौली। मुगलसराय पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, पुलिस कर्मियों के साथ मारपीट करने, जानलेवा हमला करने और धमकी देने के मामले में दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से दर्ज मुकदमे में कार्रवाई करते हुए उन्हें अलीनगर रोड स्थित गंजी प्रसाद तिराहे के पास से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद दोनों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

 

पुलिस के मुताबिक यह मामला 1 अगस्त 2026 का है। सावन माह के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से दुलहीपुर चौकी पर तैनात पुलिसकर्मी क्षेत्र में मीट एवं मुर्गा बेचने वाली दुकानों पर प्रशासनिक नोटिस तामील कराने गए थे। इसी दौरान दुलहीपुर निवासी प्रिंस सोनकर ने कथित रूप से सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए पुलिस कर्मियों के साथ अभद्रता और हाथापाई शुरू कर दी।

 

घटना की सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक संजय कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस का आरोप है कि उनके पहुंचने पर भी आरोपी ने गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की। जब पुलिस उसे हिरासत में लेकर चौकी ले जाने का प्रयास कर रही थी, तभी उसके परिवार के सदस्य और अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि सभी ने मिलकर पुलिस टीम पर हमला कर दिया।

 

इस दौरान चौकी प्रभारी संजय कुमार सिंह के बाईं आंख के पास चोट आई। कांस्टेबल बालकृष्ण यादव के साथ मारपीट कर उनका गला दबाने का प्रयास किया गया, उनकी वर्दी फाड़ दी गई और नेम प्लेट भी तोड़ दी गई। वहीं आरक्षी मोहित यादव को भी चोटें आईं। पुलिस का यह भी आरोप है कि जाते समय आरोपियों ने पुलिस कर्मियों को जान से मारने की धमकी दी।

 

इस मामले में मुगलसराय थाने में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अमरजीत सोनकर उर्फ छोटू और प्रिंस सोनकर उर्फ विराट सोनकर दोनों निवासी दुलहीपुर, थाना मुगलसराय को गिरफ्तार कर लिया।

 

पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ इसी प्रकरण में आपराधिक मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी की कार्रवाई थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने की। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

Back to top button
error: Content is protected !!