
चंदौली। भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम लिमिटेड (IRCTC) श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए 1 सितंबर 2026 से भारत गौरव पर्यटक ट्रेन का संचालन शुरू करने जा रहा है। ‘देखो अपना देश‘ और ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत‘ अभियान के तहत संचालित होने वाली यह विशेष ट्रेन यात्रियों को चार ज्योतिर्लिंगों, शिरडी साईं बाबा मंदिर तथा विश्व प्रसिद्ध एलोरा की गुफाओं के दर्शन कराएगी। यह धार्मिक एवं सांस्कृतिक यात्रा 8 रात और 9 दिन की होगी।
यह विशेष ट्रेन रक्सौल से रवाना होकर सीतामढ़ी, दरभंगा, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, पाटलिपुत्र, आरा, बक्सर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) नगर, प्रयागराज और छिवकी होते हुए अपने गंतव्य की ओर जाएगी। डीडीयू जंक्शन से भी श्रद्धालुओं को इस ट्रेन में सवार होने का अवसर मिलेगा।
IRCTC के इस धार्मिक टूर पैकेज में यात्रियों को यात्रा के दौरान आरामदायक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। ट्रेन में तीन श्रेणियों में बुकिंग की सुविधा होगी। स्लीपर क्लास के यात्रियों के लिए 18,160 रुपये प्रति व्यक्ति का पैकेज निर्धारित किया गया है, जिसमें नॉन-एसी होटल में ठहरने, यात्रा के दौरान और भ्रमण के समय शुद्ध शाकाहारी भोजन तथा नॉन-एसी वाहनों से स्थानीय पर्यटन की सैर की सुविधा शामिल है।
वहीं थ्री एसी श्रेणी का किराया 32,550 रुपये तथा टू एसी श्रेणी का किराया 39,425 रुपये प्रति यात्री निर्धारित किया गया है। इन दोनों श्रेणियों में यात्रियों को एसी होटल में ठहरने, ऑनबोर्ड एवं ऑफबोर्ड शाकाहारी भोजन तथा एसी वाहनों से दर्शनीय स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा।
IRCTC का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य देश में धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देना, विभिन्न राज्यों के लोगों के बीच सांस्कृतिक एकता को मजबूत करना तथा घरेलू पर्यटन को नई गति देना है। इस विशेष यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह देखा जा रहा है।
इन ज्योतिर्लिंगों के कराएगी दर्शन
भारत गौरव ट्रेन एमपी के उज्जैन में महाकालेश्वर और ओमकारेश्वर के साथ ही महाराष्ट्र के नासिक में त्रयंबकेश्वर व संभाजीनगर में घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन और एलोरा की गुफाओं की सैर कराएगी। यह ट्रेन यात्रियों को शिरडी में साईंबाबा का भी दर्शन कराएगी। अधिक जानकारी के लिए लोग हेल्पलाइन नंबर: 8595937731 / 8595937732 पर संपर्क कर सकते हैं।

