ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: दिशा की बैठक में विकास योजनाओं पर मंथन, लापरवाही पर सांसद ने अफसरों को लगाई फटकार, विकास कार्यों में तेजी के दिए निर्देश

चंदौली। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सांसद वीरेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जनपद में चल रहे विकास कार्यों, केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति तथा विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान सांसद ने विकास कार्यों में धीमी प्रगति और अधिकारियों के असंतोषजनक जवाबों पर नाराजगी जताते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

 

बैठक की शुरुआत पिछली दिशा बैठक में लिए गए निर्णयों और उनके अनुपालन की समीक्षा से हुई। समीक्षा के दौरान सांसद ने अधूरे विकास कार्यों और लंबित जनसमस्याओं की प्रगति रिपोर्ट मांगी। इस दौरान सड़क निर्माण, पेयजल आपूर्ति और विद्युत विभाग से जुड़े कई मामलों में अधिकारियों द्वारा स्पष्ट जानकारी न दिए जाने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। सांसद ने कहा कि जनता से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी विभाग समयबद्ध ढंग से अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विकास परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए ताकि आम जनता को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। सांसद ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शी और प्रभावी ढंग से पहुंचना चाहिए। इसके लिए अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।

 

बैठक में अधूरी सड़कों, निर्माणाधीन परियोजनाओं तथा जल जीवन मिशन के कार्यों की विशेष समीक्षा की गई। सांसद ने ग्रामीण क्षेत्रों में टूटी सड़कों की मरम्मत और हर घर नल से जल योजना के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही गर्मी के मौसम को देखते हुए ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए सांसद ने सिंचाई विभाग को निर्देश दिया कि धान की नर्सरी तैयार करने के लिए नहरों में समय से पानी छोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसानों को समय पर पानी नहीं मिलेगा तो खेती प्रभावित होगी। इसके अलावा कृषि विभाग को पर्याप्त मात्रा में बीज, खाद और कीटनाशकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

 

बैठक में आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा और कृषि विभाग की योजनाओं की भी समीक्षा की गई। इस दौरान राज्यसभा सांसद साधना सिंह, सांसद रॉबर्ट्सगंज छोटेलाल, विधायक सुशील सिंह, विधायक कैलाश आचार्य चंदौली तथा विधायक प्रभुनारायण यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को बैठक में उठाया और उनके त्वरित समाधान की मांग की।

 

बैठक के अंत में जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग और मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई सहित सभी विभागीय अधिकारियों ने सांसद को आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए निर्देशों का पूरी गंभीरता के साथ पालन कराया जाएगा। इस अवसर पर जनपद के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, ब्लॉक प्रमुख एवं अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

 

Back to top button
error: Content is protected !!