ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: बाबा कीनाराम जन्मोत्सव में तीन दिन गूंजेगी भक्ति और लोक संस्कृति की स्वर लहरियां

सुंदरकांड से लेकर कव्वाली और बिरहा तक होंगे आयोजन, देश-प्रदेश के कलाकार बांधेंगे समां 10 से 12 सितंबर तक रामगढ़ मठ में चलेगा 427वां जन्मोत्सव, श्रद्धालुओं के लिए तैयारियां अंतिम चरण में

  • सुंदरकांड से लेकर कव्वाली और बिरहा तक होंगे आयोजन, देश-प्रदेश के कलाकार बांधेंगे समां
  • 10 से 12 सितंबर तक रामगढ़ मठ में चलेगा 427वां जन्मोत्सव, श्रद्धालुओं के लिए तैयारियां अंतिम चरण में

 

चंदौली। महाकापालिक योगिराज बाबा कीनाराम जी के 427वें जन्मोत्सव को लेकर रामगढ़ स्थित बाबा कीनाराम मठ में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। 10, 11 और 12 सितंबर को तीन दिनों तक मठ परिसर में भक्ति, अध्यात्म और लोक संस्कृति की रसधार बहेगी। धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम, संगोष्ठी, सोहर आरती, भोजपुरी गायन, कव्वाली और बिरहा आयोजन के प्रमुख आकर्षण होंगे।

 

पीठाधीश्वर सिद्धार्थ गौतम राम के आदेश पर जन्मोत्सव की तैयारियों और कार्यक्रमों की जानकारी देने के लिए रविवार को मठ प्रबंधक मेजर अशोक सिंह, कार्यक्रम संचालक धनंजय सिंह और संयुक्त व्यवस्थापक अरुण सिंह ने प्रेस कांफ्रेंस की। उन्होंने बताया कि जन्मोत्सव को भव्य एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए मठ परिसर में विभिन्न व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

 

पहले दिन 10 सितंबर को सुबह नौ से 11 बजे तक रामचरित मानस पाठ होगा। सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम और शाम चार से छह बजे तक संगोष्ठी होगी। रात आठ से नौ बजे तक सोहर आरती के बाद रात नौ बजे से सुबह 3:30 बजे तक भोजपुरी गायन का कार्यक्रम चलेगा। इसमें समर सिंह, मनोज यादव, मोनू अलबेला, पवन परदेशी, राकेश तिवारी और ज्योति माही समेत कई कलाकार प्रस्तुति देंगे।

 

11 सितंबर को सुबह नौ से 11 बजे तक रामायण गान, 11 से शाम चार बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम और शाम चार से छह बजे तक संगोष्ठी होगी। रात आठ से 10 बजे तक कार्यक्रम के बाद रात 10 बजे से सुबह 3:30 बजे तक कव्वाली का आयोजन होगा। इसमें यासीन वारसी और गाजा वारसी अपनी प्रस्तुति देंगे।

 

जन्मोत्सव के अंतिम दिन 12 सितंबर को भी सुबह नौ से 11 बजे तक रामायण गान, 11 से शाम चार बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम और शाम चार से छह बजे तक संगोष्ठी होगी। रात 10 बजे से सुबह 3:30 बजे तक बिरहा का आयोजन होगा, जिसमें विजय लाल यादव और रुचि यादव प्रस्तुति देंगी।

 

आयोजकों ने कहा कि बाबा कीनाराम जी का जन्मोत्सव श्रद्धा, आस्था और लोक संस्कृति का महत्वपूर्ण पर्व है। उन्होंने क्षेत्रवासियों, श्रद्धालुओं और अनुयायियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर आयोजन में सहभागिता की अपील की।

 

Back to top button
error: Content is protected !!