ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: पूर्व सैनिकों ने भरी हुंकार, विकसित राष्ट्र के संकल्प को साकार करने का लिया संकल्प

चंदौली। देश की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता को मजबूत करने के साथ भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को लेकर अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद काशी प्रांत के पदाधिकारियों ने हुंकार भरी। परिषद की पदाधिकारी बैठक मैक्सवेल सुपर मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल, वाराणसी के सभागार में आयोजित हुई। बैठक में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों ने भाग लिया।

 

वक्ताओं ने कहा कि देश में भाषा, पंथ, संप्रदाय, राज्य और विचारधारा के स्तर पर भले ही विविधताएं हों, लेकिन सभी की राष्ट्रीयता एक है। भारत की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उत्तर से दक्षिण और पूर्व से पश्चिम तक राष्ट्र की एकता को मजबूत करने के लिए पूर्व सैनिकों को समाज में सक्रिय भूमिका निभानी होगी।

 

बैठक में कहा गया कि देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले पूर्व सैनिक अब सामाजिक क्षेत्र में भी अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे। देश के चारों ओर सक्रिय देशविरोधी ताकतों और सामाजिक ताने-बाने को प्रभावित करने वाली गतिविधियों के बीच सामाजिक समरसता बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।

 

वक्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के विचार को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प भी लिया। कहा गया कि पूर्व सैनिक गरीबों, दलितों, शोषितों और वंचितों के बीच पहुंचकर उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने तथा उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य करेंगे।

 

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि काशी प्रांत के प्रांत प्रचारक रमेश जी ने पूर्व सैनिकों की भूमिका पर विचार रखे। अति विशिष्ट अतिथि सह प्रांत कार्यवाह राकेश जी रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता इंजीनियर रेवती रमण तिवारी ने की। संचालन प्रांत महासचिव सुदीप मिश्रा ने किया।

 

कार्यक्रम के संयोजक एवं आयोजक अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद काशी प्रांत के संगठन मंत्री डॉ. केएन पांडेय रहे। इस मौके पर कैप्टन बालचरण मौर्य, कैप्टन विनोद कुमार उपाध्याय, सूबेदार अनिल ओझा, सूबेदार सर्वजीत मिश्रा, राम अवतार पाल, कैप्टन यूएन यादव, सूबेदार मेजर नरेंद्र तिवारी, वारंट अफसर संतोष तिवारी, सूबेदार धीरज सिंह, सूबेदार राज नारायण मौर्य, कैप्टन रमेश शर्मा, सभासद दीनदयाल नगर तथा सूबेदार सुरेश कुमार सैनी समेत बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक मौजूद रहे।

 

Back to top button
error: Content is protected !!