ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: चंदौली पुलिस की बड़ी कामयाबी, 25 हजार के इनामी तस्कर को बिहार से पकड़ा, काफी दिनों से थी तलाश

चंदौली। गोवंश तस्करी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को कंदवा पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम ने आरोपी को उसके बिहार स्थित घर से पकड़ा। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान महाबीर कुमार पुत्र वीरेंद्र सिंह, निवासी हसनचक रहिमनपुर, थाना अथमलगोला, जनपद पटना, बिहार के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 28 वर्ष बताई गई है। वह कंदवा थाने में दर्ज गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम से जुड़े मुकदमे में वांछित चल रहा था।

 

पुलिस के मुताबिक, 12 अप्रैल 2026 को कंदवा पुलिस ने एक पिकअप वाहन से 12 गोवंश बरामद किए थे। मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया था। बरामदगी के आधार पर कंदवा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान बरामद पिकअप वाहन का स्वामी महाबीर कुमार सामने आया, लेकिन वह गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहा था।

 

लगातार फरार रहने के कारण पुलिस अधीक्षक चंदौली की ओर से उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस टीम उसकी तलाश में जुटी थी। बुधवार को सूचना के आधार पर कंदवा पुलिस ने बिहार में उसके घर पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ कंदवा थाने में गोवध निवारण अधिनियम की धारा 3/5ए/5बी/8, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 और बीएनएस की धारा 109(1) के तहत मुकदमा दर्ज है।

 

कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष विनोद कुमार अंचल, उपनिरीक्षक वीरेंद्र यादव, हेड कांस्टेबल भरत सिंह, कांस्टेबल आशीष कुमार और सर्विलांस सेल के कांस्टेबल मनोज यादव शामिल रहे।

 

Back to top button
error: Content is protected !!