
चंदौली। अलीनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर ऑक्सीजन सिलेंडर चोरी की घटना का सफल खुलासा कर दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के 19 खाली ऑक्सीजन सिलेंडर बरामद किए हैं। दोनों आरोपित उसी कंपनी में चालक और लोडर के पद पर कार्यरत थे, जहां से सिलेंडरों की चोरी की गई थी।
पुलिस के अनुसार, 1 अगस्त को अन्नपूर्णा इंडस्ट्रियल गैसेज कंपनी की ओर से थाना अलीनगर में तहरीर दी गई कि कंपनी से 22 ऑक्सीजन सिलेंडर गायब हो गए हैं। आंतरिक जांच और पूछताछ में कंपनी के चालक गुलाब पासवान और लोडर सुरेंद्र कुमार पटेल की भूमिका संदिग्ध पाई गई। दोनों से पूछताछ में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर थाना अलीनगर में मुकदमा संख्या 475/2026, धारा 305(ई) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने 2 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर गुरुकुलम स्कूल के पास छापेमारी की। इस दौरान दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के 19 ऑक्सीजन सिलेंडर बरामद कर लिए गए। बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की भी बढ़ोतरी की गई है।
पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि वे दोनों जीवधीपुर स्थित अन्नपूर्णा इंडस्ट्रियल गैसेज कंपनी में कार्यरत हैं और आपसी मिलीभगत से धीरे-धीरे कुल 22 ऑक्सीजन सिलेंडर चोरी किए थे। उन्होंने बताया कि तीन सिलेंडर पहले ही बिहार ले जाकर एक कबाड़ी को बेच दिए गए थे, जबकि शेष 19 सिलेंडर गुरुकुलम स्कूल के पास एक कमरे में छिपाकर रखे गए थे। आरोपित इन्हें भी बिहार ले जाकर बेचने की तैयारी में थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें धर दबोचा। पूछताछ में यह भी सामने आया कि सिलेंडरों की बिक्री से मिलने वाली रकम दोनों आपस में बराबर-बराबर बांट लेते थे।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मिर्जापुर निवासी 32 वर्षीय गुलाब पासवान तथा चंदौली के सैदपुर भुजहुआ निवासी 28 वर्षीय सुरेंद्र पटेल के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए उन्हें न्यायालय भेज दिया है। इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह के नेतृत्व में अलीनगर पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

