ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: विकास कार्यों में देरी पर डीएम नाराज, कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधियों को दी सख्त चेतावनी, बोले, समयसीमा और गुणवत्ता से समझौता नहीं

चंदौली। जनपद में विकास परियोजनाओं की प्रगति को गति देने और शासन की प्राथमिकताओं को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारने के उद्देश्य से जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में 50 लाख रुपये से अधिक लागत वाली निर्माणाधीन परियोजनाओं सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान कार्यों में लापरवाही बरतने वाली कार्यदायी संस्थाओं को कड़ी चेतावनी देते हुए गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में 50 लाख रुपये से अधिक लागत वाली परियोजनाओं के अलावा प्रोजेक्ट अलंकार, आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण, जल जीवन मिशन, त्वरित पूर्वांचल निधि, विधायक निधि (मैप एमएलए), क्रिटिकल गैप्स योजना और सीएमआईएस (CMIS) पोर्टल पर दर्ज परियोजनाओं की प्रगति का बिंदुवार मूल्यांकन किया गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी परियोजनाएं निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी की जाएं।

 

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि अंतिम चरण में पहुंच चुकी परियोजनाओं को शीघ्र पूर्ण कर संबंधित विभागों को हस्तांतरित किया जाए, ताकि आम जनता को उनका लाभ समय पर मिल सके। उन्होंने हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के लिए जल जीवन मिशन के कार्यों में तेजी लाने तथा आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने पर जोर दिया। साथ ही विद्यालयों के कायाकल्प के लिए संचालित प्रोजेक्ट अलंकार और विधायक निधि से स्वीकृत कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान ग्रामीण अभियंत्रण विभाग द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। कर्मनाशा-सैयदराजा ऊपरगामी सेतु तथा डीएफसीसी से जुड़े ऊपरगामी सेतु निर्माण कार्यों में अपेक्षित प्रगति न मिलने पर संबंधित एजेंसियों को चेतावनी देते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके अलावा क्षय चिकित्सालय भवन, काशीराज संस्कृत माध्यमिक विद्यालय चकिया, स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में प्रस्तावित नर्सिंग कॉलेज तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय धानापुर के निर्माण कार्यों की धीमी गति पर भी उन्होंने असंतोष व्यक्त किया।

 

जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को नियमित रूप से निर्माण स्थलों का निरीक्षण करने, कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने तथा सीएमआईएस पोर्टल पर प्रगति रिपोर्ट समय से अपडेट करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि बिना उचित कारण कार्यों में देरी करने वाले ठेकेदारों और संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई, मुख्य चिकित्साधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिशासी अभियंता तथा अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Back to top button
error: Content is protected !!