
चंदौली। पुलिस और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पंजाब से बिहार तस्करी के लिए ले जाई जा रही अवैध अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप बरामद की है। पुलिस ने नवीन मंडी समिति गेट के पास वाहन चेकिंग के दौरान एक ट्रक से 663 पेटी (5898.600 लीटर) अवैध अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए गुजरात निवासी दो तस्करों को गिरफ्तार किया। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 58 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार उच्चाधिकारियों के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक बिंदेश्वर प्रसाद पांडेय और सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक आशीष मिश्रा के नेतृत्व में टीम इलेक्ट्रॉनिक एवं मैनुअल इनपुट के आधार पर वाराणसी-बिहार राष्ट्रीय राजमार्ग पर नवीन मंडी समिति गेट के सामने सघन वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध ट्रक संख्या JH16K6822 को रोककर उसकी तलाशी ली गई।
प्रारंभिक पूछताछ में चालक और सहचालक ने ट्रक में लकड़ी का बुरादा लदा होने की जानकारी दी, लेकिन पुलिस को संदेह होने पर गहन जांच की गई। जांच में ट्रक के भीतर विशेष रूप से बनाया गया लोहे का गुप्त केबिन मिला, जिसे चारों ओर से लकड़ी के बुरादे से ढक दिया गया था। केबिन खोलने पर उसमें विभिन्न ब्रांड की 663 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसे पंजाब से बिहार ले जाया जा रहा था।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हितेश देसाई (42) और उमेश परमार (26), दोनों निवासी अहमदाबाद, गुजरात के रूप में हुई। पुलिस ने ट्रक को भी कब्जे में लेकर दोनों के विरुद्ध कोतवाली चंदौली में आबकारी अधिनियम की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बिहार में शराबबंदी का फायदा उठाकर वे पंजाब से शराब की खेप ऊंचे दामों पर बिक्री के लिए ले जाते थे। पुलिस और अन्य एजेंसियों की नजर से बचने के लिए ट्रक में लोहे का गुप्त केबिन बनवाया गया था, जबकि उसके चारों ओर लकड़ी का बुरादा भर दिया जाता था, ताकि शराब की गंध और आवाज बाहर न जा सके। उन्होंने बताया कि प्रत्येक खेप पहुंचाने पर उन्हें 50 हजार रुपये तथा बिक्री पर दो प्रतिशत कमीशन मिलता था।
पुलिस अब पूछताछ के आधार पर इस अंतरराज्यीय शराब तस्करी गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है। कार्रवाई में थाना चंदौली पुलिस और सर्विलांस टीम के अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

