ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: अंतरराष्ट्रीय नशा मुक्ति दिवस पर युवाओं को दिलाई नशामुक्त जीवन की शपथ, जागरुकता कार्यक्रम आयोजित

चंदौली। अंतर्राष्ट्रीय नशा मुक्ति दिवस के अवसर पर यथार्थ नर्सिंग कॉलेज एंड पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट में शुक्रवार को नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं समाज को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और नशे से दूर रहने का संकल्प लिया।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव निकिता गौंड, अधिवक्ता अमित दुबे, डॉ. महेंद्र प्रताप सिंह तथा संस्थान के डायरेक्टर डॉ. धनंजय सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कॉलेज की प्राचार्य डॉ. जेनेट जे ने सभी अतिथियों का अंगवस्त्र एवं स्मृतिचिह्न भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया।

 

मुख्य अतिथि निकिता गौंड ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार, समाज और भविष्य को भी गंभीर रूप से प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि नशे की लत व्यक्ति की सोचने-समझने की क्षमता को कमजोर कर देती है और कई बार उसे अपराध की ओर भी धकेल देती है। उन्होंने युवाओं से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा नशामुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

 

एडवोकेट डॉ. महेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि नशा युवाओं की प्रतिभा, ऊर्जा और भविष्य को नष्ट कर देता है। यदि युवा शिक्षा, कौशल विकास और सकारात्मक गतिविधियों पर ध्यान दें तो वे देश और समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। संस्थान के डायरेक्टर डॉ. धनंजय सिंह ने कहा कि शिक्षण संस्थानों की जिम्मेदारी केवल शैक्षणिक ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में सामाजिक एवं नैतिक मूल्यों का विकास करना भी है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को नशामुक्त जीवन अपनाने और समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प दिलाया।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वाइस प्रिंसिपल प्रो. प्रदीप सिंह ने कहा कि नशे की लत व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। युवाओं को खेल, शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़कर अपने भविष्य को सुरक्षित बनाना चाहिए। कार्यक्रम का संचालन प्रो. धर्मेंद्र सिंह ने किया। इस अवसर पर कॉलेज की फैकल्टी, शिक्षकों एवं सैकड़ों छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही। सभी ने नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक रूप से जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

 

Back to top button
error: Content is protected !!