
चंदौली। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अलीनगर पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक युवक को 7.424 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हैंडबैग और पिट्ठू बैग में रखा गांजा बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, उच्चाधिकारियों के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह के नेतृत्व में अलीनगर थाना पुलिस ने 27 जुलाई को आरपीएफ से प्राप्त सूचना के आधार पर डीएफसीसीआईएल (DFCCIL) रेल लाइन के पास संयुक्त अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध रूप से बैग लेकर जा रहे एक युवक को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास से कुल 7.424 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान उत्सव सिंह निवासी ग्राम खड़ेहरा, थाना सकलडीहा, जनपद चंदौली के रूप में हुई है। बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर थाना अलीनगर में मु0अ0सं0 469/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह बिहार से गांजा लाकर उसे छोटे-छोटे पैकेटों में तैयार कर स्थानीय स्तर पर बेचता था। इस अवैध कारोबार से उसे अच्छा आर्थिक लाभ होता था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किन लोगों के संपर्क में था और इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की क्या भूमिका रही है।
इस कार्रवाई में अलीनगर थाना पुलिस की ओर से प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह, उपनिरीक्षक पंकज सिंह (चौकी प्रभारी ताराजीवनपुर) और उपनिरीक्षक अमित सिंह (चौकी प्रभारी भूपौली) शामिल रहे। वहीं आरपीएफ की टीम में एसआई संतोष कुमार (सीआईबी/डीडीयू), उपनिरीक्षक जावेद इकबाल (आरपीएफ पोस्ट मानसनगर), सहायक उपनिरीक्षक सतीश कुमार सिंह तथा हेड कांस्टेबल विनोद कुमार यादव ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

