ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: पुलिस ने ढूंढ निकाले 111 खोए मोबाइल, मोबाइल स्वामियों के चेहरे खिले, 2026 में अब तक 418 फोन बरामद

चंदौली। चंदौली पुलिस की स्वाट और सर्विलांस टीम ने एक बार फिर तकनीक और सतत प्रयास के दम पर सराहनीय सफलता हासिल करते हुए 111 गुमशुदा एवं खोए हुए मल्टीमीडिया मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी लौट आई और उन्होंने पुलिस की कार्यशैली की खुले दिल से सराहना की। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत लगभग 35.20 लाख रुपये बताई गई है।

 

पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में जनसुनवाई के दौरान प्राप्त मोबाइल गुम होने संबंधी प्रार्थना पत्रों तथा CEIR (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर स्वाट एवं सर्विलांस टीम को मोबाइलों की तलाश का जिम्मा सौंपा गया था। टीम ने तकनीकी संसाधनों और लगातार प्रयासों के माध्यम से विभिन्न स्थानों से 111 मोबाइल फोन सफलतापूर्वक ट्रेस कर बरामद किए।

मंगलवार को पुलिस लाइन चंदौली के नवीन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ने अपर पुलिस अधीक्षक सदर की उपस्थिति में बरामद मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को वितरित किए। अपना खोया मोबाइल वापस पाकर लोगों ने खुशी व्यक्त की और पुलिस टीम का आभार जताया। अधिकारियों ने कहा कि आधुनिक तकनीक और त्वरित कार्रवाई से आमजन की समस्याओं का प्रभावी समाधान किया जा रहा है।

 

पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक चार चरणों में कुल 418 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके स्वामियों को लौटाए जा चुके हैं। इनकी कुल अनुमानित कीमत 1 करोड़ 21 लाख रुपये है। इससे पहले 3 मार्च को 75 मोबाइल (लगभग 16 लाख रुपये), 20 अप्रैल को 121 मोबाइल (लगभग 36.30 लाख रुपये) और 3 जून को 111 मोबाइल (लगभग 33.30 लाख रुपये) बरामद कर वितरित किए गए थे।

बरामद मोबाइलों में सर्वाधिक 31 मोबाइल सकलडीहा थाना क्षेत्र से बरामद हुए। इसके अलावा मुगलसराय से 13, चंदौली से 12, बबुरी से 9, धीना से 8, चकिया, कंदवा और सैयदराजा से 7-7, शहाबगंज से 6, चकरघट्टा से 4, सर्विलांस सेल से 4, इलिया से 2 तथा नौगढ़ से 1 मोबाइल बरामद किया गया।

 

इस अभियान में स्वाट प्रभारी निरीक्षक राम जन्म यादव तथा सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक आशीष मिश्रा के नेतृत्व में स्वाट और सर्विलांस टीम के पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अधीक्षक ने टीम के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि आमजन की संपत्ति की सुरक्षा और त्वरित सहायता पुलिस की प्राथमिकता है।

 

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल खोने या चोरी होने पर घबराने के बजाय तुरंत CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। इसके लिए www.sancharsaathi.gov.in या ceir.gov.in का उपयोग किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त संबंधित पुलिस थाना, सीएससी केंद्र अथवा पुलिस अधीक्षक कार्यालय में प्रार्थना पत्र देकर भी पुलिस की सहायता ली जा सकती है। समय पर सूचना मिलने से मोबाइल को ट्रेस कर बरामद करने की संभावना काफी बढ़ जाती है।

 

Back to top button
error: Content is protected !!