
चंदौली। पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना अलीनगर क्षेत्र में एक ट्रक से भारी मात्रा में शराब बरामद की है। पुलिस ने इस दौरान एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया, जबकि ट्रक चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में प्रभारी थानाध्यक्ष रमेश कुमार यादव के नेतृत्व में अलीनगर पुलिस टीम ने सोमवार को पचफेडवा बाजार स्थित रिंग रोड ओवरब्रिज के पास वाहनों की चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध ट्रक को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही चालक ने ट्रक लेकर भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। हालांकि चालक मौके से फरार हो गया, लेकिन ट्रक में बैठे एक युवक को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अंतू दीक्षित निवासी कैमूर, बिहार के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से 1400 रुपये नगद भी बरामद किए गए। जब पुलिस ने ट्रक की जांच की तो उसमें प्लास्टिक से ढककर छिपाई गई 145 पेटियों में कुल 1362 लीटर अवैध देशी और अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इसमें 20 पेटी 8 PM 900 और 125 पेटी ब्लूलाइम ब्रांड की शराब शामिल है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई जा रही है।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह ट्रक चालक के साथ मिलकर वाराणसी से शराब लाकर बिहार में ऊंचे दामों पर बेचता है, क्योंकि वहां शराबबंदी लागू है। शराब किसकी है और किसे सप्लाई करनी थी, इसकी जानकारी चालक को ही है। इस संबंध में थाना अलीनगर में आबकारी अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है।

