ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: चंदौली में हाईवे पर भीषण हादसा, कार की टक्कर से ऑटो सवार दो युवकों की मौत, एक की हालत गंभीर

चंदौली। सदर कोतवाली क्षेत्र के कटसिला गांव के समीप नेशनल हाईवे पर मंगलवार देर रात तेज रफ्तार कार ने सामने चल रहे ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। वहीं, फरार चालक की तलाश की जा रही है।

 

बताया गया कि वाराणसी की ओर से एक कार बिहार की तरफ जा रही थी। कटसिला गांव के पास अचानक सड़क पर एक जानवर आ गया। उसे बचाने के प्रयास में कार चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। अनियंत्रित कार सामने चल रहे ऑटो से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों ने घायलों को बाहर निकाला और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने सभी को अस्पताल भेजा। डाक बंगला वार्ड नंबर-5 निवासी टिंकू पासवान (22) को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं सकलडीहा निवासी तुलसी (27) की ट्रामा सेंटर में उपचार के दौरान मौत हो गई। जबकि कैली रोड निवासी निक्कू राय (23) गंभीर रूप से घायल है और उसका ट्रामा सेंटर में उपचार चल रहा है।

 

हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के संबंध में जानकारी जुटाने के साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से भी कार और चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी। हादसे की सूचना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सीओ सदर ने बताया कि कटसिला के पास नेशनल हाईवे पर हुए सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हुई है, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। घायल का ट्रामा सेंटर में उपचार चल रहा है।

 

Back to top button
error: Content is protected !!