ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: राखियों से सजी पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू की कलाई, रक्षाबंधन समारोह में उमड़ी महिलाओं की भीड़

चंदौली। धानापुर विकासखंड के जनौली गांव स्थित एक लॉन में बुधवार को पूर्व विधायक मनोज कुमार सिंह डब्लू की ओर से रक्षाबंधन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने पहुंचकर पूर्व विधायक की कलाई पर राखी बांधी। महिलाओं ने उन्हें भाई का स्नेह और दायित्व निभाने का संकल्प भी दिलाया। कार्यक्रम को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

 

समारोह की शुरुआत पूर्व विधायक की बहन मीना सिंह ने उनकी कलाई पर राखी बांधकर की। इसके बाद क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचीं महिलाओं ने बारी-बारी से उन्हें राखी बांधी। कार्यक्रम स्थल पर महिलाओं की भीड़ के कारण पूरे परिसर में रक्षाबंधन का उत्सवी माहौल बना रहा।

 

इस अवसर पर पूर्व विधायक मनोज कुमार सिंह डब्लू ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि जनता की सेवा और क्षेत्र का विकास उनकी प्राथमिकता रही है। उन्होंने कहा कि यदि प्रदेश में उनकी सरकार बनती है और उन्हें दोबारा विधायक बनने का अवसर मिलता है तो क्षेत्र के प्रत्येक गांव और समाज के सभी वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

 

उन्होंने अपने कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि क्षेत्र में महाविद्यालय, बालिका विद्यालय और पावर हाउस के निर्माण के साथ स्वास्थ्य केंद्र और पंप कैनाल जैसी सुविधाओं के लिए काम कराया गया। युवाओं को सेना में भर्ती के अवसर उपलब्ध कराने सहित कई अन्य विकास कार्य भी उनके कार्यकाल में कराए गए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए वह लगातार प्रयासरत रहे हैं।

 

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने सामूहिक रूप से हाथ उठाकर पूर्व विधायक को दोबारा विधायक बनाने के समर्थन का संकेत दिया। रक्षाबंधन समारोह में महिलाओं और समर्थकों की भारी मौजूदगी से राजनीतिक गतिविधियों की झलक भी देखने को मिली।

 

राखी बांधने वाली महिलाओं में रेनू सिंह, जानकी यादव, जिज्ञासा देवी, अनीता, माया देवी, रीना देवी, चंद्रकला, सोनी देवी, अन्नू गुप्ता, बेबी और सुनीता सहित बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल रहीं। कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं, समर्थकों और ग्रामीणों की भी मौजूदगी रही।

Back to top button
error: Content is protected !!