
चंदौली। जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और मिलावटखोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने गुरुवार को मुगलसराय स्थित डोमिनोज पिज्जा आउटलेट पर औचक छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने पिज्जा के नमूने लेकर उन्हें जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेज दिया। साथ ही निरीक्षण में मिली कमियों के आधार पर प्रतिष्ठान संचालक को सुधार नोटिस जारी किया गया।
यह कार्रवाई सहायक आयुक्त खाद्य (द्वितीय), चंदौली के निर्देशन में की गई। विभाग की टीम ने आउटलेट के किचन, खाद्य सामग्री के भंडारण, स्वच्छता व्यवस्था और खाद्य सुरक्षा मानकों का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पिज्जा के नमूने नियमानुसार संकलित कर सील किए गए और गुणवत्ता परीक्षण एवं विश्लेषण के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेज दिए गए।

अधिकारियों ने बताया कि प्रयोगशाला से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान टीम को कुछ तकनीकी एवं व्यावहारिक कमियां भी मिलीं। इन कमियों को गंभीरता से लेते हुए प्रतिष्ठान संचालक को सुधार नोटिस जारी किया गया है। विभाग ने निर्देश दिया है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कमियों को दूर कर खाद्य सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाए। ऐसा नहीं होने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस छापेमारी अभियान में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमल निवास त्रिपाठी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरविंद कुमार तथा रणधीर सिंह यादव शामिल रहे। अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान खाद्य व्यवसाय संचालकों को स्वच्छता और गुणवत्ता संबंधी मानकों का कड़ाई से पालन करने की भी हिदायत दी।
सहायक आयुक्त खाद्य ने कहा कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले या जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी प्रतिष्ठान के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिले में ऐसे औचक निरीक्षण और सैंपलिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके और आम जनता के स्वास्थ्य की सुरक्षा बनी रहे।

