
चंदौली। चकरघट्टा थाना क्षेत्र के बरवाडीह बाजार में शराब के नशे में हंगामा कर सार्वजनिक मार्ग बाधित करने के आरोप में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार सभी आरोपी शराब के नशे में मुख्य मार्ग पर गंदगी फैला रहे थे और लोगों के आवागमन में बाधा उत्पन्न कर रहे थे। पुलिस ने सभी के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की है।
पुलिस के मुताबिक 24 अगस्त को थानाध्यक्ष महेश कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ सीमावर्ती गांवों में गश्त, चेकिंग और सूचना संकलन कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि बरवाडीह बाजार में कुछ लोग अत्यधिक शराब का सेवन कर सड़क पर उत्पात मचा रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
पुलिस ने दोपहर करीब एक बजे मौके से पांच लोगों को हिरासत में लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान परसिया गांव निवासी जितेंद्र गौड़ पुत्र जगदीश गौड़ और कमलेश राय पुत्र स्व. अनिल राय, परसहवा निवासी विनोद कुमार पुत्र लालजी पाल तथा देवदत्तपुर निवासी ओमप्रकाश पुत्र स्व. सुमेर बयार और अर्जुन बयार पुत्र स्व. सुमेर के रूप में हुई।
पुलिस ने बताया कि सार्वजनिक मार्ग पर अव्यवस्था और आवागमन बाधित होने की सूचना के बाद तत्काल कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष महेश कुमार सिंह के साथ हेड कांस्टेबल संजय साहू, कांस्टेबल राहुल पटेल और कांस्टेबल राहुल मौर्या शामिल रहे।

