
चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के कुंडा गांव के समीप गुरुवार को गंगा स्नान के दौरान दो किशोर डूब गए। दोस्तों ने एक को तो बचा लिया। वहीं दूसरा गहरे पानी में डूब गया। चार घंटे बाद गोताखोरों की मदद से शव बरामद किया गया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
सतपोखरी गांव निवासी 17 वर्षीय मोहम्मद सुफियान गांव के पांच दोस्तों के साथ कुंडा गांव के समीप गंगा स्नान करने गया था। इसी दौरान सुफियान और एक अन्य किशोर गहरे पानी में चले गए। साथ में स्नान कर रहे दोस्तों ने एक को किसी तरह बचा लिया। वहीं सुफियान गहरे पानी में समा गया।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों को बुलाकर छानबीन शुरू कराया। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद शव बरामद किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे को लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।

