चंदौली। चकिया नगर के वार्ड संख्या-3 स्थित शमशेरनगर मोहल्ले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 52 वर्षीय किराना व्यवसायी की करंट लगने से मौत हो गई। दुकान में शॉर्ट सर्किट से आग लगने के बाद स्थिति तो नियंत्रण में आ गई, लेकिन आग बुझाने के बाद दुकान का शटर बंद करते समय उसमें उतरे करंट की चपेट में आने से व्यवसायी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई और मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।
शमशेरनगर निवासी पाखंडू चौहान (52), पुत्र बचाऊ चौहान, अपने घर के पास ही किराना की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। शनिवार सुबह अचानक दुकान में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। इससे दुकान को अधिक नुकसान होने से बचा लिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग बुझने के बाद पाखंडू चौहान दुकान का शटर नीचे कर रहे थे। इसी दौरान शटर में विद्युत करंट प्रवाहित हो रहा था, जिसकी उन्हें जानकारी नहीं थी। जैसे ही उन्होंने शटर को हाथ लगाया, वे तेज करंट की चपेट में आ गए और जोरदार झटका लगने से मौके पर ही गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। अचानक हुई इस घटना से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंची चकिया कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
चकिया कोतवाल अर्जुन सिंह ने बताया कि मृतक की पत्नी लीलावती देवी की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण शॉर्ट सर्किट के बाद शटर में करंट उतरना माना जा रहा है।

