ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: घर से लापता पांच वर्षीय मासूम का नदी में मिला शव, परिवार में मचा कोहराम

चंदौली। शिकारगंज चौकी क्षेत्र के मटिहानी चतुरीपुर गांव में पांच वर्षीय मासूम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। शुक्रवार शाम से लापता बालक का शव शनिवार सुबह गांव के पास स्थित गड़ई नदी में मिलने से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण जुट गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

मटिहानी चतुरीपुर गांव निवासी सुरेश कुमार मल्लाह का पांच वर्षीय पुत्र सुप्रीत शुक्रवार शाम करीब छह बजे घर के बाहर खेलते समय अचानक लापता हो गया। काफी देर तक जब वह घर वापस नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने पहले आसपास के घरों और पड़ोस में उसकी तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। इसके बाद रिश्तेदारों, परिचितों और आसपास के गांवों में भी खोजबीन की गई। पूरी रात परिजन और ग्रामीण मासूम की तलाश में जुटे रहे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।

 

शनिवार सुबह गांव के कुछ लोग गड़ई नदी की ओर गए तो उन्होंने नदी में एक बच्चे का शव उतराता देखा। इसकी सूचना तत्काल ग्रामीणों और पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए। शव को बाहर निकालने पर उसकी पहचान लापता बालक सुप्रीत के रूप में हुई। यह दृश्य देखकर परिजन बिलख पड़े और मौके पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।

 

घटना की जानकारी मिलते ही शिकारगंज चौकी पुलिस और चकिया कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटा रही है।

 

प्रथम दृष्टया मामला नदी में डूबने से हुई मौत का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अर्जुन सिंह ने बताया कि शुक्रवार शाम से लापता पांच वर्षीय बालक का शव शनिवार सुबह गड़ई नदी से बरामद हुआ है। प्रथम दृष्टया डूबने से मौत होने की आशंका है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!