ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: कस्तूरबा विद्यालयों में छात्राओं की कम उपस्थिति पर डीएम सख्त, डीसी को नोटिस, बोले- लापरवाही पर होगी कार्रवाई

चंदौली। कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में जिला शिक्षा एवं अनुश्रवण समिति की मासिक समीक्षा बैठक हुई। इसमें बेसिक शिक्षा विभाग की योजनाओं, परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, विद्यालयों की आधारभूत सुविधाओं, निर्माण कार्यों और छात्र सुरक्षा की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि बच्चों की शिक्षा और सुरक्षा के मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

बैठक में विद्यालयों में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने टेंडर प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और उच्च गुणवत्ता के साथ कराए जाएं। कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।

कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों (KGBV) में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर भी जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने छात्रावासों में पर्याप्त सुरक्षा गार्ड, प्रभावी निगरानी और अन्य जरूरी सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा, ताकि छात्राओं को सुरक्षित एवं अनुकूल शैक्षणिक वातावरण मिल सके।

 

समीक्षा के दौरान कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में छात्राओं की कम उपस्थिति सामने आने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित जिला कोऑर्डिनेटर (डीसी) को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि छात्राओं की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराने के लिए प्रभावी स्तर पर निगरानी की जाए और कम उपस्थिति के कारणों का पता लगाकर उनका समाधान कराया जाए।

 

उन्होंने प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षा के स्तर में सुधार, बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने और मध्याह्न भोजन (एमडीएम) की गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। ऑपरेशन कायाकल्प के तहत विद्यालयों में शेष मूलभूत अवस्थापना कार्यों को भी जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए गए। वहीं, निर्माणाधीन कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय और सीएम मॉडल कम्पोजिट विद्यालयों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने बेसिक शिक्षा अधिकारी को विद्यालयों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिक्षण कार्य में लापरवाही अथवा अनधिकृत रूप से अनुपस्थित पाए जाने वाले शिक्षकों के खिलाफ तत्काल कठोर कार्रवाई की जाए। सुधार नहीं होने पर सेवा समाप्ति की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश भी दिए।

 

उन्होंने कहा कि बच्चों के भविष्य से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करें, अन्यथा जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आर जगत साई, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार, शिक्षा विभाग के अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी और अनुश्रवण समिति के नामित सदस्य मौजूद रहे।

 

Back to top button
error: Content is protected !!