चंदौली। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर चकिया नगर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांधी पार्क में शोक सभा आयोजित की। वार्ड नंबर 6 में आयोजित शोक सभा में डॉ. सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।
इस अवसर पर कांग्रेस नेता श्रीप्रकाश मिश्रा ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह का देश के आर्थिक और राजनीतिक इतिहास में अमूल्य योगदान है। उन्होंने भारत की अर्थव्यवस्था को उदारीकरण के माध्यम से मजबूत दिशा दी, जिसे देश हमेशा याद रखेगा। उनके नेतृत्व में देश ने कई आर्थिक सुधारों का अनुभव किया, जिनका प्रभाव आज भी दिखाई देता है।
आपको बता दें कि डॉ. मनमोहन सिंह का 26 नवंबर 2024 को दिल्ली के एम्स में इलाज के दौरान निधन हो गया। उनके निधन के बाद पूरे देश में सात दिनों के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की गई है। शोक सभा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने एकजुट होकर उनके प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। सौरव पांडेय, राम मूरत गुप्ता, मोहम्मद आजम, सुभाष खरवार सहित अन्य गणमान्य लोग इस अवसर पर उपस्थित रहे।