
चंदौली। जिले में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में सोमवार को चंद्रप्रभा रेंज के शिकारगंज क्षेत्र में वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने विशेष अभियान चलाकर खनन माफियाओं पर बड़ा प्रहार किया। रेंजर अखिलेश दुबे के नेतृत्व में चकिया कोतवाली पुलिस और वन विभाग की टीम ने दुलहियादाई पहाड़ी के आसपास सघन चेकिंग अभियान शुरू किया। इस दौरान चकिया-हाजीपुर मार्ग पर पत्थर लादकर जा रहे ट्रैक्टर-ट्राली को जब्त कर लिया गया। प्रशासन की कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप की स्थिति रही।
पुलिस और वन विभाग की टीम ने वाहनों की चेकिंग की। इस दौरान एक संदिग्ध ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोककर उसकी तलाशी ली गई। जांच में पाया गया कि वाहन में अवैध रूप से पत्थर लादकर परिवहन किया जा रहा था। वाहन चालक के पास खनन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला। इस पर टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली को मौके पर ही जब्त कर लिया।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनपद में अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को किसी भी हालत में छोड़ा नहीं जाएगा। प्रशासन का यह भी कहना है कि आगे भी इस तरह के अभियान निरंतर जारी रहेंगे, ताकि अवैध खनन के पूरे नेटवर्क को समाप्त किया जा सके।
इस संयुक्त अभियान में चकिया थाना अध्यक्ष अर्जुन सिंह, शिकारगंज प्रभारी अमित मिश्रा, चौकी प्रभारी सुनील कुमार सहित पुलिस और वन विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

