
चंदौली। चकिया थाना क्षेत्र के ग्राम भीषमपुर स्थित बनजारी पहाड़ी स्थित मकान में रविवार देर रात भीषण आग लगने से एक गरीब परिवार का घर जलकर राख हो गया। इस दर्दनाक घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया और पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गया।
कोमल मौर्य के घर में रात करीब 11 बजे अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पास में स्थित मनोज मौर्य की झोपड़ी को भी अपनी चपेट में ले लिया। रात के सन्नाटे में उठती लपटों को देखकर गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बाल्टी, हैंडपंप सहित उपलब्ध संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। हालांकि आग इतनी भयानक थी कि तमाम कोशिशों के बावजूद उस पर काबू नहीं पाया जा सका। कुछ ही देर में झोपड़ी पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
इस हादसे में घर में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन, नकदी, जरूरी दस्तावेज और सोने-चांदी के आभूषण जलकर नष्ट हो गए। पीड़ित मनोज मौर्य के अनुसार, आगजनी में करीब ढाई लाख रुपये का नुकसान हुआ है। घटना के बाद परिवार के सामने खाने-पीने और रहने की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल राहत सामग्री और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उन्हें पक्का मकान देने की अपील भी की गई है, ताकि वे सुरक्षित जीवन जी सकें।
घटना की सूचना पर क्षेत्रीय विधायक कैलाश आचार्य मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर हाल जाना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि परिवार को हर संभव सहायता जल्द से जल्द उपलब्ध कराई जाए। प्रशासनिक स्तर पर भी मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

