ख़बरेंचंदौली

Independence Day: चंदौली में शान से फहराया तिरंगा, डीएम ने कलेक्ट्रेट में किया ध्वजारोहण, वीर सपूतों के बलिदान को किया याद, स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों का सम्मान

चंदौली। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को चंदौली कलेक्ट्रेट परिसर में जिला प्रशासन की ओर से गरिमापूर्ण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने की। उन्होंने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी और देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले शहीदों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन किया।

 

समारोह के दौरान जिले के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को विशेष रूप से आमंत्रित कर सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी ने परिजनों को अंगवस्त्र, पुष्पमाला एवं मिष्ठान भेंट कर उनका सम्मान किया। इस दौरान उन्होंने सभी परिजनों से बातचीत कर उनकी कुशल-क्षेम जानी और प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि उन अनगिनत वीर सपूतों और अमर शहीदों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का दिन है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और उनके परिवारों का त्याग देश के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि आज हम जिस स्वतंत्र वातावरण में जीवन जी रहे हैं, वह वीर स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। ऐसे महान सपूतों के परिजनों का सम्मान करना पूरे समाज के लिए गौरव की बात है।

कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए डीएम ने कहा कि एक नागरिक और प्रशासक के रूप में सभी का दायित्व है कि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और निष्ठा के साथ करें। स्वतंत्रता सेनानियों ने जिस समृद्ध, सुरक्षित और भेदभावमुक्त भारत का सपना देखा था, उसे साकार करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के दौरान असंख्य क्रांतिकारियों ने देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। वहीं, आज भी देश की सीमाओं पर वीर जवान दिन-रात मुस्तैद रहकर राष्ट्र की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे हैं। ऐसे वीरों के प्रति देश सदैव ऋणी रहेगा।

कलेक्ट्रेट में कार्यक्रम के बाद जिलाधिकारी नगर पंचायत चंदौली परिसर स्थित शहीद स्मारक पहुंचे। यहां उन्होंने शहीद स्मारक पर माल्यार्पण कर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने जनपद के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका कुशल-क्षेम जाना। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राजेश कुमार, अपर जिलाधिकारी न्यायिक रतन वर्मा सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी और प्रबुद्ध नागरिक मौजूद रहे।

Back to top button
error: Content is protected !!