fbpx
चंदौलीप्रशासन एवं पुलिसराज्य/जिला

चंदौली: अपराधियों के लिए बिहार में शरण लेना होगा मुश्किल, यूपी-बिहार की पुलिस सूची करेगी साझा

चंदौली। जिला प्रशासन विधानसभा चुनाव को सकुशल संपन्न कराने में जुटा हुआ है। इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी संजीव सिंह व एसपी अंकुर अग्रवाल ने शनिवार को पुलिस लाइन सभागार में बिहार प्रांत के कैमूर जिले के पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों संग बैठक की। इस दौरान सीमा पर सतर्कता बरतने के साथ ही नदियों में पेट्रोलिंग की रणनीति बनी। चंदौली व कैमूर की पुलिस एक-दूसरे शातिर अपराधियों की सूची साझा करेगी। इससे उनकी धरपकड़ में आसानी होगी। वहीं भागकर दूसरे जिले में शरण लेना भी मुश्किल हो जाएगा।

शातिर अपराधी आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने के बाद शरण लेने के लिए बिहार प्रांत के सीमावर्ती जनपद कैमूर भाग जाते हैं। वहां के अपराधी भी यही करते हैं। इससे पुलिस के लिए चुनौती बढ़ जाती है। बैठक में अपराधियों की नकेल कसने पर मंथन हुआ। सीमा पर दोनों जिलों की पुलिस बैरियर लगाकर वाहनों व व्यक्तियों की चेकिंग करेगी। दोनों जिलों के अपराधियों व वांछितों की सूची पुलिस एक-दूसरे को साझा करेगी। इससे कार्रवाई करने में आसानी हो जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि अपराधी व तस्कर सीमा पर चौकसी बढ़ने पर नदी पार कर बिहार के कैमूर भाग जाते हैं। ऐसे में नदियों में भी पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए। पुलिस टीम नाव में सवार होकर नदियों में पेट्रोलिंग करे। पर्वतीय और जंगली इलाकों में कांबिंग कर नक्सलियों की गतिविधियों पर नजर रखें। एएसपी चिरंजीवी मुखर्जी, एएसपी नक्सल सुखराम भारती समेत सीओ व बिहार के अधिकारी मौजूद रहे।

Back to top button
error: Content is protected !!