
चंदौली। चकिया कोतवाली क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव के पास सोमवार देर शाम तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक में सामने से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार महिला हेड कांस्टेबल कुंती देवी और चालक सुनील दुबे गंभीर रूप से घायल हो गए। महिला हेड कांस्टेबल की हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया।
चकिया कोतवाली में तैनात महिला हेड कांस्टेबल कुंती देवी सरकारी कार्य से बाहर गई थीं। काम पूरा होने के बाद वापस लौटते समय सरकारी वाहन नहीं मिलने पर उन्होंने रास्ते से गुजर रहे बाइक सवार से लिफ्ट ले ली। बाइक सवार विशुनपुरवा गांव निवासी सुनील दुबे के साथ वह चकिया-सिकंदरपुर मार्ग से लौट रही थीं।
इसी दौरान सिकंदरपुर गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों सवार सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को संभाला। कुछ ही देर में घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही चकिया कोतवाली पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। दोनों घायलों को जिला संयुक्त चिकित्सालय चकिया ले जाया गया।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद महिला हेड कांस्टेबल कुंती देवी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया। वहीं, बाइक चालक सुनील दुबे का संयुक्त चिकित्सालय में उपचार चल रहा है।
पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना में शामिल बोलेरो और उसके चालक के संबंध में पुलिस जानकारी जुटा रही है।

