ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने चंद्रप्रभा बांध का किया निरीक्षण, जलस्तर और व्यवस्थाओं का लिया जायजा, पर्यटक सुविधाएं बेहतर करने के दिए निर्देश

चंदौली। प्रदेश सरकार के जलशक्ति विभाग के कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने सोमवार को चकिया क्षेत्र स्थित ऐतिहासिक चंद्रप्रभा बांध का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बांध के जलस्तर, जल निकासी, सुरक्षा और रखरखाव की स्थिति की जानकारी ली। मंत्री के अचानक पहुंचने पर सिंचाई विभाग के अधिकारियों में हलचल रही। कैबिनेट मंत्री ने बांध की देखभाल और पर्यटन सुविधाओं को बेहतर करने के निर्देश दिए।

 

मंत्री ने सबसे पहले बांध के मुख्य गेटों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से वर्तमान जलस्तर, पानी की निकासी और मानसून के दौरान की गई तैयारियों के बारे में जानकारी ली। बांध की दीवारों की मजबूती, सिल्ट की सफाई और पुराने ढांचे की मरम्मत को लेकर भी रिपोर्ट मांगी। स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि चंद्रप्रभा बांध क्षेत्र के किसानों के लिए सिंचाई का महत्वपूर्ण साधन है। इसके साथ ही यह पर्यटन की दृष्टि से भी अहम है। ऐसे में बांध की सुरक्षा और रखरखाव में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

पर्यटकों की सुविधाएं बेहतर करने पर जोर

चंद्रप्रभा बांध अपने प्राकृतिक सौंदर्य के लिए जाना जाता है और यहां बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। मंत्री ने बांध परिसर में साफ-सफाई, सुरक्षा रेलिंग, बैठने की व्यवस्था और पर्यटकों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग से कहा कि बांध क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण नहीं होने दिया जाए। साथ ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं, ताकि बांध और आसपास के क्षेत्र में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

 

जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग ने मंत्री को आश्वस्त किया कि शासन की मंशा के अनुरूप बांध की व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखा जा रहा है। निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा। इस मौके पर सिंचाई विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

 

Back to top button
error: Content is protected !!