
चंदौली। दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ग्रिड-इंडिया एवं भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) की ओर से सराहनीय पहल की गई। हुदहुदीपुर सेवड़ी में कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत निःशुल्क सहायक उपकरण परीक्षण एवं चयन शिविर का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में दिव्यांगजनों और बुजुर्गों ने पहुंचकर पंजीकरण कराया।
शिविर में जरूरतमंदों की शारीरिक स्थिति और आवश्यकताओं का आकलन कर उन्हें विभिन्न सहायक उपकरणों के लिए चयनित किया गया। इसमें बैटरी चालित ट्राइसाइकिल, मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी, श्रवण यंत्र सहित अन्य उपकरणों के लिए लाभार्थियों का परीक्षण किया गया। करीब 70 से 200 लाभार्थियों के परीक्षण एवं चयन की प्रक्रिया पूरी की गई।
आयोजकों ने बताया कि चयनित पात्र लाभार्थियों को नियमानुसार आवश्यक सहायक उपकरण निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य दिव्यांगजनों और वृद्धजनों की दैनिक गतिविधियों को आसान बनाने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन जीने में मदद करना है।
शिविर में एलिम्को की ओर से अमित मौर्य, अंबुज सहित स्थानीय ग्राम प्रधान आशुतोष सिंह, योगेंद्र मिश्रा, अभिषेक सिंह, सूरज सिंह, केके सिंह, सत्य प्रकाश सिंह, कोमल सिंह, मुस्ताक अहमद सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

