चंदौलीराज्य/जिला

चकिया में दो नवंबर को सजेगी हास्य-व्यंग्य की महफिल, देशभर के कवि लगाएंगे ठहाकों का तड़का

उपजिलाधिकारी आवास परिसर में होगा अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन, सामाजिक विसंगतियों पर व्यंग्य के तीर चलाएंगे नामचीन रचनाकार

संवाददाता : श्याम सिंह यादव

चंदौली। साहित्य और संस्कृति की धरती चकिया में दो नवंबर को हास्य और व्यंग्य की महफिल सजेगी। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन की तहसील इकाई की ओर से सोमवार शाम छह बजे उपजिलाधिकारी आवास परिसर स्थित वटवृक्ष के नीचे अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें देश के विभिन्न हिस्सों से आए कवि अपनी रचनाओं के जरिए श्रोताओं को गुदगुदाने के साथ सामाजिक विसंगतियों और कुरीतियों पर व्यंग्य के तीखे प्रहार करेंगे।

कवि सम्मेलन में मुंबई के चंदन राय, उत्तराखंड के मोहन मुन्तजिर, इटावा के गौरव चौहान, बाराबंकी के विकास बौखल, लखनऊ की अंकिता शुक्ला, गाजियाबाद की राधिका मित्तल, लखनऊ के अमित शुक्ला और वाराणसी के दमदार बनारसी काव्यपाठ करेंगे। इसके अलावा डॉ. सुरेश अकेला और डॉ. मनोज मधुर की मौजूदगी आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान करेगी।

कार्यक्रम के संयोजक रतीश कुमार (जिला उपाध्यक्ष, ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन, चंदौली) हैं। राजन सिंह और रामआशीष विश्वकर्मा संरक्षक की भूमिका निभाएंगे। वहीं रत्नेश यादव, राहुल त्रिपाठी और अंकित सैनी कार्यक्रम व्यवस्थापक हैं। प्रेमशंकर त्रिपाठी, गोविंद केशरी और विजय विश्वकर्मा सहसंयोजक तथा प्रदीप उपाध्याय, धर्मेंद्र जायसवाल और देवेंद्र नारायण सिंह स्वागताध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालेंगे।

तहसील अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह के नेतृत्व में कार्यक्रम की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। तहसील महामंत्री उदय प्रताप सिंह और राम आशीष भारती सहित संगठन के पदाधिकारी एवं सदस्य आयोजन को सफल बनाने में जुटे हैं। आयोजकों का कहना है कि सम्मेलन का उद्देश्य साहित्य के प्रति लोगों की रुचि बढ़ाने और समाज में स्वस्थ हास्य-व्यंग्य की परंपरा को प्रोत्साहित करना है।

Back to top button
error: Content is protected !!